स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता जरूरी
एनसीसी कैडेट्स ने निकाली स्वच्छता जागरुकता रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। स्वच्छ भारत अभियान के तहत थ्री यूपी बटालियन के सैन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और कैडेट्स ने जागरुकता रैली निकाली। कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस कौशल ने कहा कि स्वच्छता ही मानव जीवन की पहचान है। जीवन को स्वस्थ रखने के लिए स्वच्छता जरूरी है।
कमान अधिकारी के निर्देशन में एनसीसी कैडेट्स ने नगला जुला, पड़रिया, तहसील भोगांव, बेवर और जागीर में बस द्वारा भ्रमण करते हुए स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। जगह-जगह कस्बों में पैदल चलकर लोगों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया। पैदल भ्रमण के दौरान कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, उसके बचाव और उन्मूलन के बारे में जानकारी प्रदान की। कमान अधिकारी ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि अपने आसपास विशेष सफाई रखें। गंदा पानी एकत्रित न होने दें। कैडेट्स से उन्होंने कहा कि वे अपने आस-पास के लोगों को साफ-सफाई के लिए जागरूक करें। इस दौरान सूबेदार मेजर साहब खान, सूबेदार राजेश जग्गी, सूबेदार केके रोका, शिव कुमार आदि का सराहनीय सहयोग रहा।