बाह: अमर उजाला इंपैक्ट: सोमवार को जैतपुर की नालियों की सफाई के लिए लगाए 15 कर्मचारी
- फोटो : 1
बाह। रात भर बरसे बादल, घरों और गलियों में भरा पानी शीर्षक से खबर के माध्यम से सोमवार को अमर उजाला ने जैतपुर में शनिवार को दिन-रात हुई बारिश में खुली सफाई की पोल को उजागर किया था। बारिश से उफनाए नालों का पानी से सड़क और गलियां भर गई थी। घरों और दुकानों में भरे पानी को परिवारों ने किसी तरह बाहर निकाला था।
समाजसेवी कुलदीप भदौरिया ने जैतपुर के नालों की सफाई के लिए अधिकारियों को चेताया था। बावजूद इसके ब्लॉक और ग्राम पंचायत की नींद नहीं टूटी थी। सोमवार को खबर प्रकाशित होने के साथ ही खंड विकास अधिकारी नीरज तिवारी ने 15 सफाईकर्मी नाले-नालियों में जमी सिल्ट को हटाने के लिए लगा दिया। सफाई के दौरान लोगों से अपनी दुकानों के सामने नाले पर रखे पत्थर हटा कर सहयोग किए जाने का आह्वान किया। सफाई अभियान से फौरी तौर पर कस्बाई नागरिकों ने राहत की सांस ली है। लेकिन उन्होंने सफाई के साथ ही पानी निकासी का प्रबंध किए जाने की मांग की है।