स्वच्छता सर्वे में पिछड़ने के बाद नगर निगम ने शहर की सफाई के लिए नए सिरे से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसके तहत अब 11 बाजारों में हर शनिवार को रात में सफाई की जाएगी। अगर, यह प्रयोग सफल होता है तो इसे और विस्तृत रूप दिया जाएगा। यह निर्णय नगर निगम की बैठक में लिया गया।
गुरुवार को नगर आयुक्त इंद्रविक्रम सिंह ने अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों के साथ बैठक की। चार घंटे से अधिक देर तक चली इस बैठक में कई अहम फैसले किए गए जिनमें सबसे खास रात में सफाई कराना है। इसके लिए पहले चरण में 11 बाजार चुने गए हैं। यहां दिन के समय भारी भीड़ रहती है। ऐसे में सफाई व कूड़ा उठवाना मुश्किल होता है। दुकानदारों और बाजार आए लोगों को भी दिक्कत होती है। अब इन बाजारों में हर शनिवार रात 11 बजे से एक साथ सफाई शुरू हुआ करेगा। इसके लिए अधिक से अधिक सफाईकर्मी लगाए जाएंगे।
इसके अलावा, यह भी तय किया गया कि शादी की दावतों के बाद निकलने वाले कूड़े को उठाने के लिए नगर निगम अब शुल्क वसूल करेगा। लोगों को स्वयं नगर निगम से पर्ची कटवानी होगी। यदि वे ऐसा नहीं करते तो अगले दिन संबंधित क्षेत्र के सफाई कर्मचारी कूड़ा तो उठा लेंगे लेकिन इसका बिल संबंधित व्यक्ति को थमा जाएंगे। सफाई निरीक्षकों को अपने क्षेत्र का स्वच्छता प्लान नए सिरे से बनाने को कहा गया। बैठक में स्वच्छता सर्वे के उन बिंदुओं पर भी मंथन किया गया, जिसमें अपना शहर पिछड़ा। तय किया गया कि कूड़ा कलेक्शन और निस्तारण के लिए यदि कोई कंपनी आती है तो ठीक, वरना निगम संसाधन जुटाकर खुद ही यह काम करेगा।
बाजार, जहां रात में होगी सफाई
संजय प्लेस, बेलनगंज, कमला नगर, राजामंडी, शाहगंज, रामबाग चौराहा, रूई की मंडी, अजीत नगर गेट, बिजलीघर चौराहा बाजार, राजपुर चुंगी, प्रताप नगर।