दीवानी के चतुर्थ श्रेणी कर्मी की सड़क हादसे में हुई मौत
अजीतगंज के पास हुई दुर्घटना, बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में मंगलवार की शाम अजीतगंज के पास बाइक सवार दीवानी में चतुर्थ श्रेणी कर्मी को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कर्मी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के घर में चीख पुकार मची है।
किशनी थाना क्षेत्र के गांव उमराहार निवासी अखिलेश (42) दीवानी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। मंगलवार की शाम को वह बाइक से घर जा रहे थे। बाइक जब थाना एलाऊ क्षेत्र में गांव अजीतगंज के पास पहुंची। तभी मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कर्मी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी पहुंच गए। न्यायिक कर्मचारी के निधन की सूचना मिलने पर जिला जज सुधीर कुमार, सीजेएम नम्रता सिंह, प्राधिकरण सचिव कमल सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सीएमओ से वार्ता कर नियमानुसार पोस्टमार्टम कराने को कहा। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।
शोक के चलते नहीं किया काम
चतुर्थ श्रेणी कर्मी की मृत्यु के बाद वकीलों ने बार एसोसिएशन के सभागार में शोक सभा की। न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लेकर जिला जज सहित समस्त पीठासीन अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा। दोपहर एक बजे केंद्रीय सभागार में जिला जज सुधीर कुमार की अध्यक्षता में शोक सभा हुई। इसमें न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा बार एसोसिएशन के सौरभ यादव, संतोष यादव, सुनील यादव, आशीष मिश्रा, चतुर सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।