एटा जनपद के राजा का रामपुर में सोमवार को दर्दनाक हादसा घटित हो गया। नगला गनू तिराहा के पास सोमवार की सुबह मैक्स पिकपअ की चपेट में आने से 10वीं के छात्र की मौत हो गई। किशोर अपने फूफा के साथ दूध लेने जा रहा था तभी हादसे का शिकार हो गया। मृतक अपनी बुआ के घर रहकर 10वीं की पढ़ाई कर रहा था।
जिला फर्रुखाबाद थाना कायमगंज क्षेत्र के गांव बलीपुर भगवंत उलिया निवासी अर्पित (14 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार की कस्बा व थाना राजा का रामपुर स्थित नगला गनू तिराहा के पास मैक्स पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई है। मृतक अपनी बुआ शैलेष देवी पत्नी राहुल यादव निवासी मोहल्ला कुंजडियान थाना व कस्बा राजा का रामपुर के घर रहकर बीडीआरएस इंटर कालेज से 10वीं की पढ़ाई कर रहा था।
सिपाही बताकर की युवक की शादी, निकला होमगार्ड, मायके में रहने को मजबूर पीड़िता
राहुल यादव ने बताया है कि सोमवार की सुबह करीब सात बजे घर से बाइक लेकर दोनों गांव पहरैया दूध लेने जा रहे थे। नगला गनू तिराहा के पास लघुशंका करने के लिए बाइक रोक दी और वह नाली की ओर जाकर लघुशंका करने लगे, इस दौरान सड़क किनारे अर्पित खड़ा हुआ था तभी तेज गति से आई मैक्स पिकअप के चालक ने अर्पित को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद वह भाग कर मौके पर पहुंचे और अर्पित को पीएचसी राजा का रामपुर लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई और पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।