बवाल में सहायक नगर आयुक्त की गाड़ी का शीशा टूटा
अतिक्रमणकारियों ने किया पथराव, रिटायर्ड फौजियों ने चलाई गोलियां
धार्मिक स्थल की जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त
मथुरा के थाना सदर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाढ़पुरा स्थित धार्मिक स्थल की जमीन से अतिक्रमण हटाने पर जमकर बवाल हुआ। नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में अतिक्रमणकारियों ने टीम पर पथराव कर दिया, जिसके जवाब में टीम में शामिल रिटायर्ड फौजियों ने निजी हथियारों से फायरिंग कर दी।
विज्ञापन
पथराव में सहायक नगर आयुक्त की गाड़ी का शीशा टूट गया। इस दौरान टीम में शामिल रिटायर्ड कर्नल और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। कई राउंड गोलियां चलने के बाद अतिक्रमणकारी भाग निकले।
बाद में टीम ने धार्मिक स्थल की जमीन पर बनी झोपड़ियों को ध्वस्त कराकर पशुओं को अपने कब्जे में ले लिया। नगर निगम की टीम का नेतृत्व कर रहे सहायक नगर आयुक्त डीके सिंह ने फायरिंग से इनकार किया है।
विज्ञापन
Trending Videos
धार्मिक स्थल के बराबर में है जमीन
अतिक्रमण हटाने पर बवाल
- फोटो : Amar Ujala
बाढ़पुरा सदर स्थित धार्मिक स्थल के बराबर सड़क किनारे चर्च की करीब सात हजार वर्गमीटर बेशकीमती जमीन है, जिस पर कुछ लोग लंबे समय से अवैध रूप से भैंस बांध रहे थे और झोपड़ियां बना रखी थीं।
धार्मिक स्थल की ओर से इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार कहा जा रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम की टीम सहायक नगर आयुक्त डीके सिंह के नेतृत्व में जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंची।
टीम के साथ निजी हथियारों से लैस रिटायर्ड फौजी और पुलिसकर्मी भी थे। टीम ने जब जमीन पर बंधीं भैंसों को गाड़ियों में भरना शरू किया तो लोगों ने विरोध कर दिया। कुछ देर बाद अतिक्रमणकारियों ने टीम पर पथराव कर दिया।
रिटायर्ड फौजियों ने फायरिंग की
अतिक्रमण हटाने पर बवाल
- फोटो : Amar Ujala
जवाब में पुलिस ने भी पत्थर फेंके। हालात बिगड़ते देख रिटायर्ड फौजियों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब आधा दर्जन गोलियां चलने के बाद अतिक्रमणकारी भाग निकले। पथराव में सहायक नगर आयुक्त डीके सिंह की गाड़ी का पीछे का शीशा टूट गया।
जेसीबी और कैटल कैचर भी क्षतिग्रस्त हो गए। रिटायर्ड कर्नल योगेंद्र सिंह के हाथ में और पुलिसकर्मी जानकी प्रसाद के कमर में पत्थर लगा। बाद में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया और 26 पशु और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बाद में एसपी सिटी और सीओ सिटी भी मौके पर पहुंच गए।
सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को नोटिस गए थे लेकिन जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। मंगलवार को जब टीम पहुंची तो टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। इस मामले में चार लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
बाढ़पुरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पर हुए बवाल के दौरान करीब एक घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी मची रही। आसपास की दुकानदार और अस्पताल के मरीज सहम गए। रिटायर्ड फौजी हाथों में पिस्टल और आधुनिक हथियार लेकर चारों ओर बिखर गए।
सड़क पर आवागमन बंद कर दिया गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि करीब आधा दर्जन गोलियां फौजियों ने चलाईं। अतिक्रमण हटाने के लिए इस तरह की कार्रवाई पहले नहीं देखी। दोपहर 12 बजे पहुंची टीम ने दो बजे तक जमीन को मुक्त करा लिया।