आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के ग्राम नहर्रा में शुक्रवार देर शाम जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने खेत पर बने स्मृति स्थल को तोड़ दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मामले में एक पक्ष ने थाना खंदौली में तहरीर दी है।
मुनेश देवी पत्नी अवतार सिंह निवासी ग्राम नहर्रा ने बताया कि वह अपने पति के साथ खेत पर बने मकान में थीं, तभी विपक्षी पक्ष के करीब छह लोग लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए। स्मृति स्थल को तोड़ना शुरू कर दिया। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बिना कोई कार्रवाई किए लौट गई। मुनेश देवी ने बताया कि यह भूमि उनके पूर्वजों से मिली संपत्ति है। इसी भूमि का दूसरे पक्ष ने अपने नाम बैनामा करा लिया था, जिसका मामला वर्तमान में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़िता का कहना है कि शुक्रवार को स्मृति स्थल तोड़कर दबंगई दिखाई। मामले में पीड़िता ने थाना खंदौली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों में वाद-विवाद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।