आगरा में परिवार न्यायालय में भरण पोषण के एक मुकदमे को लेकर तीन दिन से चल रहे विवाद में पुलिस की ढिलाई से बृहस्पतिवार को कचहरी जंग का मैदान बन गई। अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच दो राउंड में मारपीट हुई। दोपहर करीब एक बजे एक गुट के अधिवक्ता दूसरे गुट के चैंबर पर पहुंचे और मारपीट कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन कार्रवाई नहीं की।
शाम चार बजे दूसरे गुट के अधिवक्ता हमलावर अधिवक्ताओं के चैंबर पर पहुंच गए और पथराव के साथ लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस दौरान एक अधिवक्ता और किसान नेता का सिर फूट गया। शाम को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार व डीसीपी ने फोर्स के साथ गश्त कर चेकिंग की तो चैंबरों में बड़ी संख्या में लाठी-डंडे मिले। अधिकारियों ने शुक्रवार से चेकिंग के बाद ही कचहरी में प्रवेश देने की बात कही। वहीं किसान नेता की तहरीर पर कार्रवाई न होने से रात करीब 10 बजे किसानों ने न्यू आगरा थाने का घेराव कर दिया। हालांकि, कार्रवाई के आश्वासन पर किसान मान गए।
परिवार न्यायालय में चले रहे भरण पोषण के एक मुकदमे में अधिवक्ताओं का एक गुट लड़की की तरफ से तो दूसरा लड़के की तरफ पैरवी कर रहा है। तीन दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। तब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक अधिवक्ता को दीवानी के बाहर पकड़कर पीट दिया था। न्यू आगरा थाना पुलिस ने मोहन की तहरीर पर विकास पचौरी, अमित और पवन के खिलाफ केस दर्ज किया था।
बुधवार सुबह फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। गाली गलौज करने के बाद एक पक्ष के अधिवक्ता ने दूसरे अधिवक्ता के चैंबर पर पहुंच गए। मारपीट के दौरान दो अधिवक्ता चोटिल हो गए थे। पुलिस ने तहरीर लेकर कचहरी में सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ा दी लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। बृहस्पतिवार को सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें समझाकर हटा दिया लेकिन करीब एक घंटे बाद एक पक्ष के अधिवक्ता दूसरे पक्ष के चैंबर पर पहुंच गए और पथराव कर मारपीट की।
पुलिस का इस घटना के बाद भी ढुलमुल रवैया रहा। नतीजा यह हुआ कि दूसरे पक्ष के अधिवक्ताओं ने शाम करीब 4 बजे हमला करने वाले अधिवक्ताओं के चैंबर पर पहुंचे और लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इस मारपीट में अधिवक्ता ऋषि चौहान और किसान नेता पवन समाधिया घायल हो गए। विवाद बढ़ता देख पुलिस आयुक्त, डीसीपी सिटी के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। दीवानी परिसर के चैंबरों की तलाशी ली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लाठी-डंडे बरामद हुए।
किसान नेता ने दी तहरीर
किसान नेता पवन समाधिया ने मारपीट के मामले में न्यू आगरा थाने में तहरीर दी है। बताया कि उनकी चचेरी बहन पूजा शर्मा से दयालबाग निवासी पति विकास पचौरी अक्सर मारपीट करता था। इस पर वह बहन को मायके लेकर आ गए। विकास के खिलाफ बहन ने भरण पोषण का वाद दायर किया था। उसी सिलसिले में वह कचहरी पहुंचे थे। इसी दौरान शाम को 15 से अधिक अधिवक्ता लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उनकी पिटाई कर दी।
पहचानपत्र से मिलेगा प्रवेश
अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद जिला जज के आदेश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने दोपहर में बैठक की। निर्णय लिया कि परिसर में पहचानपत्र चेक करने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। बिना पहचानपत्र के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
दोनों पक्षों पर दर्ज होगी प्राथमिकी
पहले एक पक्ष ने केस दर्ज कराया था। उस मामले में समझौता हो गया था। बाद में बात बिगड़ गई। दोनों पक्ष फिर से विवाद करने लगे। पूरा मामला दीवानी प्रशासन के संज्ञान में है। प्रशासन की तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के दो-दो अधिवक्ताओं को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
-सैयद अली अब्बास, डीसीपी सिटी