मैनपुरी। दीवानी परिसर को बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैनिटाइज किया गया। चालू माह में दो न्यायिक अधिकारियों सहित चार लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। बुधवार को अपर सिविल जज के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिला जज ने बृहस्पतिवार को दीवानी न्यायालय बंद रखने के निर्देश दिए थे।
चालू माह में दो न्यायिक अधिकारी, एक स्टेनो, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। दीवानी परिसर में चार लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिला जज ने डीएम और सीएमओ को दीवानी परिसर को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम दीवानी पहुंची। न्यायालय कक्षों, न्यायिक अधिकारियों के चैंबरों, वकीलों के चैंबरों, बस्तों सहित सभाकक्ष को सैनिटाइज किया गया।
केंद्रीय नाजिर देवव्रत राय चौधरी की देखेरख में सैनिटाइज होने के बाद जिला जज को रिपोर्ट भेजी गई। कोरोना संक्रमण के चलते हाईकोर्ट द्वारा जारी की गई गाइड लाइन के तहत अब न्यायालय का समय समाप्त होने के बाद रोजाना न्यायालय कक्षों, न्यायिक अधिकारियों के चैंबरों, वकीलों के चैंबरों, बस्तों सहित सभाकक्ष को सैनिटाइज किया जाएगा। कोरोना संक्रमित की रिपोर्ट मिलने के बाद अगले दिन दीवानी न्यायालय को बंद किया जाएगा।