भोगांव (मैनपुरी)। तहसील भोगांव में सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय बनेगा। न्यायालय की स्थापना के लिए प्रशासनिक समिति के अध्यक्ष अपर जिला जज प्रथम वंश बहादुर यादव ने न्यायालय, भवन पीठासीन अधिकारी, स्टाफ के आवास के लिए भवन व भूमि की उपलब्धता के सबंध में एसडीएम से शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा है।
अध्यक्ष प्रशासनिक समिति वंशबहादुर यादव ने डीएम के माध्यम से एसडीएम को पत्र भेजा है। इसमें कहा है उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय की तहसील भोगांव में स्थापना प्रस्तावित है। न्यायालय की तहसील में स्थापना के लिए न्यायालय भवन, पीठासीन अधिकारी, स्टाफ के आवास के लिए उपयुक्त भवन/भूमि की उपलब्धता जरूरी है। पूर्व में पंाच नंवबर और चार दिसंबर 2020 को मंागी गई रिपोर्ट अभी तक नहीं भेजी गई है। एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय की स्थापना के संबंध में तहसीलदार भोगांव को दो दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है। शीघ्र ही डीएम के माध्यम से सभी जानकारी अध्यक्ष प्रशासनिक समिति को उपलब्ध करा दी जाएगी।