टूंडला (फिरोजाबाद)। चार दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक जाने से नगला केसो में विद्युत आपूर्ति बंद पड़ी है। इसके चलते ग्रामीणों को पेयजल समस्या से लेकर मोबाइल चार्ज करने की समस्या हो रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत अनवारा के गांव नगला केसो में जटपुरा सब स्टेशन से आपूर्ति दी जाती है, विगत चार दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। दूर दराज से पेयजल की व्यवस्था करनी पड़ रही है। विद्युत अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी विद्युत ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया गया है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार सुबह ग्रामीण लामबंद हो गए और विद्युत कर्मियों के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि दो दिन में विद्युत ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। चेतावनी देने वालों में भंवर सिंह, नाथूराम, गुलाब सिंह, वीरेंद्र निषाद, छोटे लाल, जगदीश प्रसाद, प्रताप सिंह, हरीबाबू, शिव नरेश, पप्पू पंडित, विनोद कुमार, अमृत लाल, सत्य प्रकाश, फतेह सिंह आदि हैं।
ग्रामीणों पर पिछले कई माह का बिल बकाया है। जब तक ग्रामीण 60 प्रतिशत बिल जमा नहीं कराते ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया जाएगा।
राजेश कुलश्रेष्ठ, अवर अभियंता, जटपुरा फीडर
फोटो-