टूंडला (फिरोजाबाद)। रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में एक बार फिर से पानी का संकट गहरा गया है। रेलकर्मियों और उनके परिजनों को आठ दिन से पानी नहीं मिला है। इस दौरान रेलकर्मियों को दूर क्षेत्र से पानी लाने और कैंपर खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
रेलकर्मियों का कहना है कि एक माह से नल में थोड़ा-थोड़ा पानी आ रहा था। इसकी शिकायत भी की गई थी। अब आठ दिन से आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। जानकारी करने पर बताया गया कि पंप खराब है। इस समय टैंकर से सप्लाई दी जा रही है, जो नाकाफी साबित हो रही है। ऐसे में लोगों को बाजार से पानी के कैंपर खरीद कर लाने पड़ रहे हैं। कुछ लोग दूर क्षेत्रों से पानी ला रहे हैं। उन्होंने रेल प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है। एईएन, उमरे टूंडला केपी सिंह ने बताया कि रेलवे कॉलोनी में पानी की समस्या है। इस समय मैं बाहर हूं। फाल्ट की पूरी जानकारी एसएसई देंगे। इस दौरान जब एसएसई से संपर्क किया गया तो उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।