मैनपुरी। शहर के आठ मोहल्लों के करीब 18 हजार घरों में बृहस्पतिवार को पानी नहीं आया। लोगों को हैंडपंप और आस पड़ोस में लगे सबमर्सिबल पंप से पानी लाना पड़ा। पाइपलाइन टूटने से पानी की सप्लाई बाधित रही।
कचहरी रोड पर बुधवार को दोपहर गैस की पाइप लाइन के लिए हो रही खोदाई के दौरान नगर पालिका की पानी सप्लाई लाइन टूट गई थी। इससे नगर के एक बड़े हिस्से की पानी आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार रात नगर पालिका कर्मियों ने पाइप लाइन को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन पाइप लाइन ठीक नहीं हो सकी। इसका नतीजा यह रहा कि बृहस्पतिवार को भी सारे दिन शहर के मोहल्ला मिशन कंपाडंड, दुबे कंपाउंड, बालाजीपुरम, पचौरी कंपाउंड, पत्थरमंडी, गोपाल नगर, शिव नगर और देवपुरा के लोगों को पानी नहीं मिल सका। पानी सप्लाई बाधित होने से लोग परेशान रहे। बृहस्पतिवार की देर शाम तक लाइन को ठीक किए जाने का कार्य किया जा रहा था।
एक साइड का यातायात रहा बंद
जिस जगह पर पाइप लाइन टूटी थी, वहां धीरे-धीरे बड़ा गड्ढा हो गया। इससे जिला प्रशासन को कचहरी रोड पर एक साइड का रास्ता रोकना पड़ा। दिनभर यातायात व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस प्रशासन को दिक्कतों से जूझना पड़ा। एक साइड बंद रहने के कारण वहां जाम के हालात रहे।
24 घंटे से पानी नहीं आया है। इसके चलते परेशानी से जूझना पड़ रहा है। दो सौ मीटर दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है।
राजू चौधरी, आवास विकास
पानी आपूर्ति बंद रहने से परेशानी उठानी पड़ रही है। पड़ोसी से मदद मांगनी पड़ी। पड़ोसी के घर लगी सबमर्सिबल से पानी लिया तब कहीं घर में खाना बना।
रविंद्र कुमार, बस स्टैंड के सामने
पानी आपूर्ति बाधित होने की जानकारी बुधवार को ही नगर पालिका को हो गई थी, तो बुधवार को ही लाइन को ठीक करा देना चाहिए। 24 घंटे बाद भी आपूर्ति नहीं की गई है।
अभिषेक गुप्ता, कचहरी रोड
गर्मी के मौसम में पानी अति आवश्यक है। कोरोना महामारी के कारण कोई अपने घर में नहीं जाने देता है। मजबूर में 150 मीटर दूर लगे इंडियामार्का हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है।
बारेलाल, देवपुरा
गैस लाइन बिछाए जाने के दौरान लाइन टूट गई। उसे ठीक कराने का कार्य किया जा रहा है। लाइन ठीक कराने के लिए छपट्टी टंकी की सप्लाई बंद करानी पड़ी है। जल्द आपूर्ति सुचारु होने की संभावना है।
लालचंद भारती ईओ नगर पालिका