बेवर (मैनपुरी)। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना वसूलें। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। यह निर्देश कोरोना नोडल अधिकारी ईश्वरचंद्र ने दिए।
शनिवार को कोरोना के नोडल अधिकारी मथुरा प्राधिकरण के सचिव ईश्वरचंद ने एसडीएम भोगांव सुधीर कुमार के साथ कस्बे की सफाई व्यवस्था, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। सचिव ने नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक मोहल्ला मरकिचिया में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करके अधिशासी अधिकारी को नालियों के किनारे खरपतवार को समूल नष्ट कराने और नालियों में सिल्ट को साफ कराने के निर्देश दिए। एसडीएम के साथ सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे नोडल अधिकारी को कोविड 19 हेल्प डेस्क पर कर्मचारी नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। ईओ दुर्गेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही मौजूद रहे।
निरीक्षण करके नोडल अधिकारी ने ईओ को निर्देश दिए
भोगांव। शनिवार को नोडल अधिकारी ने एसडीएम सुधीर कुमार, सीओ प्रयांक जैन, ईओ आरके सिंह, प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह के साथ नगर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। मोहल्ला कबीरगंज और मिश्राना पहुंचकर सफाई कार्य की हकीकत देखी। नाले, नालियों के किनारों पर जमा मिट्टी और उगी घास देखकर नाराजगी जाहित की। मंदिर सोमेश्वर नाथ के पास निर्माण सामग्री एकत्रित देखकर मकान मालिक से जुर्माना वसूलने के निर्देश ईओ को दिए। जीटी रोड, मुख्य बाजार की सड़क गलियों में पटरी पर अवैध कब्जा कर निर्माण करने वालों पर कार्रवाई करके जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। सफाई नायक को सफाई होने केे बाद सड़क पर गंदगी फैलाने वालों को चिह्नित कर जुर्माना लगाने को कहा।