30एमएनपी-15-आगरा रोड पर नालों से निकाली गई सिल्ट बारिश के चलते नालों में ही जाती हुई
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। नाला सफाई के नाम पर पालिका पहले ही सवालों के घेरे में है। अब पालिका की लापरवाही के चलते ये नाला सफाई के बाद निकाली गई सिल्ट फिर उसी में समा गई। इससे बारिश में नाले चोक होंगे।
नगर पालिका ने इस बार 71 लाख रुपये का नाला सफाई का ठेका उठाया है। करीब एक माह से नगर में सिल्ट सफाई का काम चल रहा है। ठेकेदारों द्वारा सड़क पर सिल्ट निकालकर डाली जा रही है। ये सिल्ट लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सूखने के बाद भी इसका उठान नहीं हो रहा है। शुक्रवार रात को बारिश हुई तो ये सिल्ट फिर से नालों में ही चली गई। शहर के स्टेशन रोड, राधारमन रोड, कचहरी रोड, आगरा रोड समेत कई जगह ये सिल्ट नालों में चली गई। इससे नाले फिर चोक होने लगे हैं। बारिश में ये नाले जलभराव का कारण बनेंगे। ऐसे में पालिका की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को ही भुगतना होगा।
मानसून आने से पूर्व सभी नालों की सफाई का लक्ष्य रखा गया है। जल्दी बारिश होने के कारण कुछ समस्या आई है, इसे दूर कराया जाएगा। नालों की सफाई का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
लालचंद भारती, ईओ नगर पालिका।