27एमएनपी-44-शीतला माता मंदिर के पास स्थित मिठाई की दुकान पर जांच करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। होली का त्योहार नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को टीम ने जिले भर में छापामार कार्रवाई कर 12 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर नमूने जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जिलाधिकारी के आदेश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामसुंदर पटेल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को खाद्य पदार्थों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया गया। टीम ने शहर के शीतला माता मंदिर के पास संचालित दुकानों का निरीक्षण किया। यहां स्थित चंद्रशेखर मिष्ठान भंडार से बेसन के लड्डू, शिवम राठौर की दुकान से सॉफ्टी, बृजेश कुमार की दुकान से बरफी और राकेश कुमार की दुकान से पेड़े का नमूना संदेह के आधार पर भरा। टीम ने दुकानदारों को बेहतर साफ-सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने औंछा क्षेत्र में भी चेकिंग की। चार दूध विक्रेताओं से मिश्रित दूध के नमूने लिए। टीम ने सर्वेश कुमार, संजय यादव, अवध पाल और करन सिंह से ये नमूने लिए।
भांवत पुल स्थित बाजार से भी टीम ने प्रेमपाल से रंगीन कचरी और बेसन, जोगेंद्र सिंह की दुकान से सरसों का तेल और बृजेश कुमार की दुकान से पेड़े का नमूना भरा। सभी 13 नमूने जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसबी सिंह, डीके वर्मा, डॉ. राजीव कुमार और सहायक गौरव कुमार शामिल रहे।