एटा। अल्पसंख्यक विभाग के पास मदरसों में पढ़ने वाले छात्रों का विवरण न होने की जानकारी जैसे ही अधिकारियों को हुई तो विभाग में खलबली मच गई। आनन फानन अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने नोटिस जारी करते हुए मदरसा संचालकों से छात्र विवरण मांगा। शुक्रवार शाम तक चार मदरसा संचालकों ने अपना विवरण विभाग को दे भी दिया है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के तहत जिले में 58 मदरसा संचालित है। इनमें से नौ मदरसा अनुदानित है। बाकी के 49 मदरसा मान्यता पर चल रहे हैं। वहीं छात्रवृत्ति के लिए मदरसा छात्र ऑनलाइन आवेदन प्रति वर्ष करते है। जहां छात्रवृत्ति में छात्रों को कक्षा एक से पांच तक एक हजार रुपये कक्षा छह से दस तक शुल्क प्रतिपूर्ति के साथ चार हजार व 11 से बारह तक के छात्रों को 5700 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। विभाग के पास विवरण का होने की खबर को अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इस पर शुक्रवार को जिला अल्पसंख्यक अधिकारी अबुल कलाम ने सभी मदरसा संचालकों को नोटिस जारी कर छात्रों का विवरण मांगा। इस पर शुक्रवार को चार मदरसा संचालकों ने विवरण दिया है।
इन मदरसों ने दिया विवरण
मदरसा छात्र संख्या
सैयद रहमत दारुल 171
मदरसा सर सैयद 28
मदरसा जामिया नूरिया रिजविया 91
मदरसा गुलशन साबरी 121
छात्रों का विवरण देने के लिए मदरसा संचालकों को नोटिस दिया गया है। चार मदरसों से सूचना आ गई है। एक सप्ताह में सभी को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। जो मदरसा संचालक सूचना नहीं देगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
अबुल कलाम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी