ताजनगरी एकबार फिर एकजुटता और जागरूकता की मिसाल कायम करने जा रहा है। स्मार्ट सिटी के लिए चुने जाने वाले पहले 20 शहरों के लिए दबाकर वोटिंग कर शहर को टॉप फाइव में पहुंचा दिया है। जो तीन शहर हमसे आगे हैं, उन्हें भी पीछे छोड़ना है। पहले चरण में अपने शहर को मौका मिलने की उम्मीदें खरी उतरती दिख रही हैं। वोटिंग लाइन अब दो दिन और खुली रहेंगी। शहरवासियों को पूरा जोर लगा देना होगा।
शनिवार शाम तक टॉप 20 के लिए ऑनलाइन वोटिंग का ग्राफ दो लाख 13 हजार को पार कर गया था। जबकि सुबह साढ़े दस बजे तक 2,05,346 वोट ही डले थे। शाम होते-होते लगभग साढ़े आठ हजार वोट और पड़ गए। जबकि शनिवार को वोटिंग ग्राफ 2,03,183 पर था। बता दें कि वोटिंग का यह ग्राफ पिछले आठ दिन में ही चढ़ा है। 20 नवंबर से पहले लगभग सात हजार के आसपास ऑनलाइन वोट डाले गए थे। मगर, जैसे-जैसे शहरवासी जागरूक हुए, वोटिंग बढ़ती गई। अब तक एक लाख से ज्यादा सुझाव भी आ चुके हैं। अगर ऑनलाइन वोटिंग और सुझावों को जोड़ दिया जाए तो सवा तीन लाख का आंकड़ा पार हो चुका है। यह जनसहभागिता का ही नतीजा है। कंसल्टेंट कंपनी अरबन मैनेजमेंट सेंटर के अनुसार, ऑनलाइन वोटिंग में अपना शहर देश के 98 शहरों में चौथे नंबर पर आ गया है। वहीं, प्रदेश में दूसरे नंबर है। सबसे आगे इलाहाबाद चल रहा है।
कल तक का है मौका
ऑनलाइन वोटिंग में शहर को नंबर लाने के लिए शहरवासियों के पास सिर्फ दो दिन का ही समय शेष है। कंसल्टेंट कंपनी के अनुसार, 30 नवंबर से ऑनलाइन वोटिंग बंद हो जाएगी। ऐसे में रविवार और सोमवार का ही दिन लोगों के पास है। सोमवार को ही कंपनी स्मार्ट सिटी को लेकर तैयार किया गया प्रस्ताव प्रदेश सरकार को सौंपेगी।
टॉप फाइव शहर
1. इलाहाबाद
2. भोपाल
3. इंदौर
4. आगरा
5. झांसी