गुरुवार मध्यरात्रि में प्रभु यीशु के जन्म के साथ ही क्रिसमस सेलीब्रेशन शुरू हो गया था। मसीही समाज के लोगों ने परिवार के साथ गिरजाघरों में शुक्रवार सुबह हुईं विशेष प्रार्थना सभाओं में हिस्सा लिया और कैंडिल जलाकर खुशहाली की दुआ मांगी। घरों में सजावट के साथ ही कई जगह डीजे पर डांस और पार्टियों का आयोजन हुआ। निष्कलंक माता महागिरजाघर (सेंट पीटर्स चर्च) के क्रिसमस मेले का हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने लुत्फ उठाया। क्रिसमस प्रदर्शनी देखने को देर रात तक भीड़ लगी रही।
शुक्रवार की सुबह और शाम को सेंट मेरीज चर्च में सेंट पीटर्स चर्च, सेंट पॉल्स चर्च, सेंट जोंस चर्च, सेंट पैट्रिक्स चर्च समेत शहर के दर्जनभर गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। बड़ी संख्या में मसीही परिवार के साथ इसमें शामिल हुए। ‘मेरी क्रिसमस और हैप्पी क्रिसमस’ कहकर एक-दूसरे को बधाइयां दीं। बधाई संदेशों का आदान-प्रदान तो गुरुवार रात 12 बजते शुरू हो गया था। घरों में लजीज व्यंजनों के साथ केक बनाए गए। एक-दूसरे को उपहार भी दिए गए। दोपहर बाद भी सेंट पीटर्स चर्च, सेंट पॉल्स चर्च और सेंट पैट्रिक्स आदि चर्च में कैंडिल जलाने और यहां सजी झांकियां देखने वालों का तांता लगा हुआ था।
युवाओं के बीच क्रिसमस सेलीब्रेशन का तरीका कुछ अलग था। होटल और रेस्टोरेंट में दोस्तों को क्रिसमस की पार्टियां दीं। इनमें केक काटे गए और डांस हुआ। मसीही कालोनियों में खुशी का माहौल था। पादरी टोला में म्यूजिक के साथ डांस की धूम थी।
सेंट पीटर्स चर्च में क्रिसमस मेला
सेंट पीटर्स चर्च में मेला लगा। यहां सुबह आठ बजे से ही लोग परिवार के साथ आने लगे थे। चर्च परिसर में क्रिसमस प्रदर्शनी लगाई गई थी जिसमें जलवायु परिवर्तन से होने वाले खतरों के प्रति भी आगाह किया गया था। परिसर के दूसरे हिस्से में प्रभु यीशु मसीह के जीवन के प्रसंगों को झांकियों में दर्शाया गया था। मेले में चैरिटी कूपन व अन्य सामान खूब बिके। आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी शुक्रवार की रात तक खुली रही।
सेल्फी और फोटो की होड़
क्रिसमस मेले में भारी भीड़ उमड़ी। युवतियों और युवकों में झांकियों के साथ सेल्फी लेने और फोटो खिंचाने की होड़ लगी रही। मेले की व्यवस्थाओं को संभालने के लिए मसीही समाज के वालंटियर्स लगाए गए थे।