पुलिस और प्रशासन ने चौथे चरण के मतदान को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए सोमवार को फ्लैग मार्च किया। बाह, पिनाहट और जैतपुर ब्लॉक के अतिसंवेदनशील प्लस बूथ वाले गांवों में पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवानों ने फ्लैग मार्च कर लोगों को बेखौफ होकर मतदान करने का भरोसा दिलाया।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने इस दौरान लोगों की समस्याओं को सुना। उन्हें भरोसा दिलाया कि चुनाव को प्रभावित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गड़बड़ी फैलाने वालों को जेल की हवा खिलाई जाएगी। एसडीएम उमाशंकर, सीओ जगवीर सिंह के नेतृत्व में बाह, खेड़ा राठौर, जैतपुर, बासौनी, चित्राहाट क्षेत्र के गांवों में फ्लैग मार्च किया गया।
वहीं, पिनाहट सर्किल क्षेत्र में पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवानों ने क्षेत्राधिकारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में विप्रावली, मनौना, बसई अरेला के गांव अरनौटा, लडउआपुरा, सबोरा, नगला भरी, पिढ़ौरा के गांव राटौटी, गोपाल पुरा, रामपुर, विजयगढ़ी, मन्सुखपुरा के गांव पापरी नागर, पलोखरा, मंसुखपुरा, बड़ापुरा, जगतुपुरा, बरेण्डा, तासौड़, अनरूद्ध पुरा, करकौली, टीकेतपुरा आदि गांवों में फ्लैग मार्च किया। 29 अक्तूबर को होने वाले पंचायत चुनाव में पुलिस किसी भी तरह की ढील नहीं रखना चाहती है।
पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब
पिनाहट। थाना बसई अरेला के अरनौटा तिराहा पर रविवार देर रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध शराब पकड़ी। महावीर निवासी अरनौटा के पास से पुलिस ने 17 पौव्वा शराब बरामद की। उसे आबकारी अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया। वहीं, मंसुखपुरा क्षेत्र में तासौड़ के पास पिनाहट-राजाखेड़ा मार्ग से रविवार रात पुलिस ने रोड किनारे खंदी में रखी अवैध शराब की छह पेटी बरामद कीं।