ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों पर चुनाव के लिए रविवार को नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच, मंगलवार को नाम वापसी और चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। जरूरी हुआ तो 21 फरवरी को मतदान कराया जाएगा।
बाह के एडीओ पंचायत श्यामपाल सिंह ने बताया कि सदस्य के रिक्त 154 पदों पर 165 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। 143 पदों पर एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने से निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। 11 पदों पर चुनाव कराया जाएगा। जैतपुर के एडीओ पंचायत भूपेंद्रनाथ त्रिपाठी ने बताया कि सदस्य के रिक्त 44 पदों पर 48 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। 40 पदों पर एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने से निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। चार पदों पर चुनाव होगा। वहीं, फतेहाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायतों में रिक्त रहे 284 पदों के लिए 288 नामांकन पत्र भरे गये। शमसाबाद में 233 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए 256 पर्चे भरे गये। फतेहपुर सीकरी में 125 पदों के लिए नामांकन किया गया।
--------
नामांकन पत्र न देने की शिकायत
फतेहाबाद। खंड विकास कार्यालय फतेहाबाद में कुछ ग्रामीणों ने नामांकन पत्र न मिलने की शिकायत की है। उनका आरोप है कि उन्हें जानबूझकर चुनाव लड़ने से रोका गया है। भीकम सिंह निवासी गुवरौठ ने बताया कि वह 13 फरवरी को सदस्य पद के पर्चा खरीदने आए लेकिन पर्चा नहीं मिला। 14 फरवरी को पर्चा देने की बात कही गई लेकिन 14 को भी नामांकन पत्र नहीं दिया गया। इससे वह चुनाव लड़ने से वंचित रह गए। मलखान सिंह निवासी मीठपुरा ने वार्ड संख्या 12 से पर्चा खरीदने का प्रयास किया लेकिन उन्हें भी नामांकन पत्र नहीं दिया गया। भाजपा नेता अरविंद वर्मा ने कहा कि जानबूझकर कुछ लोगों को चुनाव लड़ने से रोका जा रहा है।
-----
बीडीसी पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय
बाह। बिजौली में निर्मला देेेवी के निधन के बाद रिक्त हुए बीडीसी सदस्य के पद पर रविवार को उनके पुत्र अनूप पांडेय की पत्नी सुधा देवी ने नामांकन किया। उनके अलावा किसी और ने नामांकन नहीं किया है। गांव के लोगों ने पंचायत कर निर्मला देवी की पुत्रवधू सुधा देवी का नाम तय किया था। अब उनका निर्वाचन तय माना जा रहा है।