चौथे चरण के चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने का काम शुरू हुआ। इस दौरान बाह, पिनाहट और जैतपुर कला ब्लाक मुख्यालयों पर खासी भीड़ जमा रही। नामांकन दाखिल करने के लिए लंबी लाइन लगी रही। प्रथम दिन प्रधान पद के लिए 774 पर्चे भरे गए। जबकि सदस्य पद के लिए 212 लोगों ने पर्चा दाखिल किया।
बाह ब्लाक में नामांकन दाखिल करने के प्रथम दिन प्रधान पद के लिए 279 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 94 पर्चे भरे गए। यह जानकारी एडीओ पंचायत श्यामपाल सिंह ने दी है। जैतपुर ब्लाक में प्रधान पद के लिए 287 और सदस्य पद के लिए 47 नामांकन दाखिल किए गए। वहीं, पिनाहट ब्लाक में पहले दिन प्रधान पद के लिए 208 पर्चे दाखिल किए गए। जबकि सदस्य पद के लिए 71 लोगों ने नामांकन दाखिल किए। इससे पूर्व तमाम प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ ब्लाक मुख्यालय पहुंचे। परिसर में दिन भर हुजूम उमड़ता रहा। ब्लाक में नामांकन दाखिल करने के लिए अलग-अलग टेबलों की व्यवस्था की गई। वहीं, पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी।
-----
अपनी बारी का इंतजार करती रही महिलाएं
बाह। नामांकन के पहले दिन जैतपुर और बाह ब्लॉक में आरक्षित पदों पर पर्चा भरने के लिए महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। समर्थकों के साथ पहुंची महिलाओं का अंदाज पल-पल बदलता दिखा। अपने से बड़े पुरुषों को सामने देखते ही लंबा सा घूंघट और उनके हटते ही घूंघट भी हट जाता था। उनके साथ समर्थकों भी काफी भीड़ रही।