कलेक्ट्रेट में गाड़ियों से हटाए पार्टियों के झंडे
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चुनाव आचार संहिता लगने के बाद पुलिस लगातार सख्ती बढ़ाती जा रही है। शहर से लेकर देहात तक जगह-जगह लगे झंडे और बैनर पहले ही हटवा दिए गए हैं। अब बारी गाड़ियों पर लगे झंडों की है। इन्हें भी हटवाया जाएगा। इसकी शुरुआत शुक्रवार को कलक्ट्रेट से की गई। एसएसपी को जैसे ही पता चला कि कलेक्ट्रेट में आई दो गाड़ियों पर झंडे लगे हैं, वैसे ही उन्होंने जांच के लिए पुलिस टीम भेज दी। बाद में दोनों ही गाड़ियों को सीज कर दिया गया। इनमें से एक पर सपा का झंडा लगा था। इसके एक ओर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फोटो था। दूसरी तरफ मुलायम सिंह यादव का। यह एसएसपी आफिस के ठीक सामने खड़ी की गई। दूसरी गाड़ी पार्किंग में खड़ी थी। इस पर भाजपा का झंडा था। इन्हें लगाने के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। एसएसपी ने बताया कि गाड़ियों पर झंडे लगाने के लिए भी अनुमति की जरूरत है।
पुलिस ने उतरवाई हूटर और नीली बत्ती
पिनाहट। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने मंसुखपुरा, बसई अरेला, पिनाहट क्षेत्र में अभियान चलाकर गाड़ियों से काली फिल्म, हूटर, नीली बत्ती उतरवाई और वाहनों की चेकिंग की। राजनीतिक दलों के लगे बैनर आदि उतरवाए गए। थानाध्यक्ष पिनाहट विजय कुमार सिंह ने नंदगवा तिराहा, अंबेडकर तिराहा, भदरौली में भी कार्रवाई की गई।