टूंडला के टीचर्स कालोनी में चोरी के बाद खुली अलमारियां व बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। चोर बृहस्पतिवार देर रात मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी में एक घर में लगे ताले को तोड़कर लाखों के आभूषण सहित नगदी को चुरा कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी निवासी उमाकांत सक्सेना मेरठ में नौकरी करते हैं और उनकी पत्नी व बच्चे यहीं रहते हैं। बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी अनीता सक्सेना अपने बच्चों सहित आगरा अपनी बहन के घर चली गई थीं और घर पर ताला लगा गई थीं। रात्रि में अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर घर में रखी अलमारियों से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण के अलावा करीब 35 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
इसके बाद चोरों ने सामने एक मकान में भी ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद चोरों ने द्वारिकापुरम में भी चोरी करने का प्रयास किया लेकिन वहां भी सफल नहीं हो सके। अनीता सक्सेना जब सुबह घर वापस लौटी तो घर में रखे कीमती आभूषणों सहित नगदी गायब थी। उन्होंने चोरी गए सामान की सूची सहित पुलिस में अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना कर चोरों की तलाश शुरु कर दी है। थाना प्रभारी रामेंद्र शुक्ला का कहना है कि जल्द चोर पुलिस गिरफ्त में होंगे।