मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव अनूपपुर में चोरों ने एक मकान में नकब लगाकर करीब एक लाख कीमत के जेवर, नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। शनिवार की सुबह जानकारी होने के बाद पीड़ित ने थाने में सूचना दी।
अनूपपुर निवासी अजय प्रताप सिंह शुक्रवार की रात कमरे में सो रहे थे। उनके माता-पिता आंगन में चारपाई पर सो रहे थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में नकब लगाया और कमरे में दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे की कुंडी अंदर से बंद करने के बाद बक्सा, सूटकेस आदि सामान नकब के रास्ते बाहर निकाल लिया। शनिवार की सुबह जागने पर जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो अजय ने बाहर जाकर देखा।
मकान के पिछले हिस्से में नकब लगा देख उनके होश उड़ गए। कुछ ही दूर खेत में खाली बक्सा व सूटकेस पड़ा मिला। अजय ने बताया करीब 8600 की नकदी, दो जोड़ी पायल, सोने की दो अंगूठी, 10 किलो देसी घी, पीतल के बर्तन आदि सामान चोर ले गए। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक रमाकर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।