मैनपुरी। निपुण एसेसमेंट परीक्षा आज से शुरू होने जा रही है। परीक्षा के पहले दिन कक्षा एक से तीन के 45297 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। अधिकारी परीक्षा का निरीक्षण करेंगे। छात्र परीक्षा में दिए गए प्रश्नों के उत्तर शिक्षकों को बताएंगी और शिक्षक उनकी ओएमआर शीट भरेंगे।
शासन के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं की शिक्षा का मूल्यांकन करने के लिए निपुण असेसमेंट परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है। यह परीक्षा जिले में 29 और 30 नवंबर को आयोजित होनी है। परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र भी बृहस्पतिवार को भेज दिए गए। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर 11:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए और डायट प्राचार्य की टीमें निरीक्षण करेंगी। इसके अतिरिक्त जनपदीय अधिकारी ब्लॉक स्तर पर और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी न्याय पंचायत स्तर पर निगरानी के लिए तैनात रहेंगे। बीएसए ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सारी तैयारियां कर ली गई हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राओं की ओएमआर शीट परख एप के माध्यम से अपलोड की जाएगी।