कासगंज। कड़कड़ाती ठंड के बीच बच्चों के लिए खुशखबरी है। उनके लिए शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है। अब उन्हें आगामी 16 दिनों तक ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। इस एक पखवाड़े की छुट्टियों में वे मौज मस्ती कर सकेंगे। यह अवकाश रविवार से शुरू होकर 15 जनवरी तक रहेंगे। बेसिक शिक्षा परिषद से जुड़े स्कूलों में शासन ने ग्रीष्मावकाश में कटौती करके शीत अवकाश लागू किया है। जिले में इस समय काफी ठंड पड़ रही है। ठंड व कोहरा की वजह से स्कूलों में 30 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिए गए, लेकिन अब शासन ने शिक्षा में टाइम एंड मोशन व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था के तहत जहां स्कूलों में पढ़ाई के घंटे, स्कूल खुलने का समय निर्धारित किया है वहीं स्कूलों के अवकाशों को निर्धारित किया है। पहले स्कूलों का ग्रीष्मावकाश 20 मई से 30 जून तक रहता था वह अब घटाकर 15 जून तक कर दिया गया है। ग्रीष्मावकाश में घटाई गई इन छुट्टियों के बदले में शीतकालीन अवकाश लागू किए गए हैं। 31 दिसंंबर से 15 जनवरी तक शीत अवकाश की व्यवस्था शैक्षिक केलेंडर में की गई है। अब इसी व्यवस्था से बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत आने वाले सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त स्कूलों का संचालन किया जाएगा। शीत कालीन अवकाशों की व्यवस्था लागू हो जाने से छोटे बच्चों को अब ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल नहीं जाना पड़ेगा।