आगरा में बच्ची का अपहरण हुआ था।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के पुरानी मंडी से 1 महीने पहले चार साल की बच्ची को एक युवक अगवा कर ले गया था। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद किया था। आरोपी से पूछताछ में बच्चों की चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ था। दिल्ली की एक महिला का नाम सामने आया था। उसकी धरपकड़ के लिए टीम लगी। मगर अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस वजह से गिरोह के बारे में ज्यादा जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लग सकी है। डीसीपी सिटी का कहना है कि टीम को एक बार फिर दिल्ली भेजा जाएगा।
ताजगंज क्षेत्र के रेस्तरां कर्मचारी की चार साल की बेटी को 15 अक्तूबर को अगवा किया गया था। वह अपने बाबा के साथ शाहजहां गार्डन आई थी। वह अचानक बाबा से अलग हो गई थी। इसके बाद पुरानी मंडी आ गई थी। तभी उसे एक युवक अपने साथ हाथ पकड़कर ले गया था। उसे ट्रेन से दिल्ली लेकर पहुंचा था। पुलिस को सीसीटीवी कैमरों से सुराग मिला था। बच्ची को महाराष्ट्र का रहने वाला शोएब सुलेमान शेख अगवा कर ले गया था। पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर बच्ची को बरामद किया था।
खुलासा किया था कि उसने इंस्टाग्राम पर बनी दोस्त अंजू की हसरत को पूरा करने के लिए ऐसा किया। अंजू ने उसे बताया था कि एक दंपती को बच्चा गोद लेना है। वह उसके लिए बच्चे का इंतजाम कर ले। इसके बदले में उसे डेढ़ से दो लाख रुपये मिलने का लालच दिया था। वह तैयार हो गया था। वह ताजमहल देखने आया था। इसी बीच बच्ची घूमते हुए मिली थी। वह बच्ची को उठाकर ले गया था। मगर सीसीटीवी फुटेज से पुलिस आरोपी को पकड़ने में कामयाब हो गई। पुलिस को अंजू नहीं मिली थी।
इस घटना को एक महीने से अधिक बीत गए हैं। पुलिस ने आरोपी सुलेमान को जेल भेज दिया था। अंजू की तलाश के लिए टीम लगी थी। मगर वो अब तक हाथ नहीं आ सकी है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि अपहरण के मामले में विवेचना प्रचलित है। जिस महिला का नाम सामने आया था, उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उसके आरोपी शोएब से क्या संबंध थे? इसके बारे में जानकारी ली जाएगी। अगर वो किसी गिरोह से जुड़ी है तो पड़ताल की जाएगी। एक बार फिर टीम को दिल्ली भेजा जाएगा।