मैनपुरी के गांव अंबरपुर में रविवार सुबह घर के सामने खेल रहे तीन बच्चों पर छज्जा गिर गया। तीनों ही मलबे के नीचे दब गए। जब तक लोगों ने मलबा हटाकर बाहर निकाला, तब तक एक बच्चे की मौत हो चुकी थी। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव अंबरपुर निवासी शिशुपाल जाटव का पुत्र कौशल कुमार (11) रविवार की सुबह गांव निवासी शिशुपाल के घर के बाहर खेल रहा था। उसके साथ परिवार के ही सागर (5) और विनय कुमार (8) भी थे। सुबह 10:30 बजे अचानक छज्जा टूट कर तीनों बच्चों पर गिर गया।
यह देख ग्राणीण मौके की ओर दौड़ पड़े। बच्चों को मलबे से बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए गए। सागर और विनय को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया, लेकिन कौशल को जब तक बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम रतन वर्मा व सीओ करहल अशोक कुमार मौके पर पहुंच गए। मृतक कौशल के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को सुपुदर्गी में दे दिया।