थाना शाहगंज के अजीत नगर, खेरिया मोड़ निवासी रोबिन सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह रविवार (17 मई) को अपनी पत्नी नीलम, दो बच्चों और रिश्तेदारी के तीन बच्चों के साथ तेवतिया वाटर पार्क घूमने आए थे। वह छोटे बच्चे को शौचालय ले गया। रोबिन सिंह के अनुसार जब वह वापस लौटा तो मनित वहां नहीं मिला। परिजन ने काफी देर तक उसकी तलाश की और वाटर पार्क स्टाफ से मदद मांगी, लेकिन किसी ने गंभीरता से सहयोग नहीं किया।
आरोप है कि कर्मचारियों ने यह कहकर टाल दिया कि बच्चा बाहर निकल गया होगा। बाद में मनित पानी में डूबा मिला। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि वाटर पार्क मालिक और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई है। वहीं, नायब तहसीलदार किरावली राजपाल सिंह ने सोमवार शाम को वाटर पार्क पहुंच कर घटना की जानकारी ली। थाना किरावली के प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लॉकर से नकदी और मोबाइल हुआ चोरी
15 दिन पूर्व पांच मई को एत्माद्दौला के रामबाग निवासी सनी अपने मित्रों के साथ वाटर पार्क घूमने पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने 28 हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान लॉकर में रखा था, लेकिन लौटने पर सामान गायब मिला। शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति लॉकर से सामान निकालता दिखाई दिया था। मामले में एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह के आदेश पर किरावली थाने में चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।