गंजडुंडवारा। कोतवाली क्षेत्र में एटा मार्ग पर बुधवार की सुबह गांव गनेशपुर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार बालक की मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के बाद ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।गांव गनेशपुर मोहम्मद रिहान (12) पुत्र इकलाख बुधवार की सुबह करीब 9 बजे बाइक पर सवार होकर गंजडुंडवारा स्थित अपने पानी के प्लांट पर जा रहा था। एटा मार्ग पर गांव गनेशपुर के पास गंजडुंडवारा की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने रिहान की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रिहान गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद राहगीर और आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की सूचना किसी ने फोन कर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में उसे गंजडुंडवारा सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की सूचना परिजन ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेने के बाद ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। रिहान की मौत के बाद उसकी मां शबाना, भाई समीर, शाकिब, अयान,अनस सहित अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पटियाली सीओ संतोष कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर लगने से बालक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।