मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार दोपहर को कौशल विकास मिशन के तहत ताज नेचर वॉक में एक हजार प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र देने आ रहे हैं। वह कार्यक्रम स्थल पर 22 युवकों को जॉब आफर लेटर सौंपेंगे तो वहीं, कौशल विकास मिशन के तहत ट्रेनिंग और प्लेसमेंट के लिए 11 संस्थानों के साथ एमओयू (मेमोरेंडम आफ अंडरस्टेंडिंग) भी साइन करेंगे। 100 छात्राओं को वह कन्या विद्या धन के चेक वितरित करेंगे। ऊर्जा बचत के लिए शुरू की गई एलईडी वितरण योजना का सांकेतिक शुभारंभ भी मुख्यमंत्री नेचर वॉक से ही करेंगे।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत अब तक एक हजार से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। ताज नेचर वॉक में मंगलवार दोपहर को होने वाले कार्यक्रम में यह सभी युवा मौजूद रहेंगे। इनमें से 800 के बैठने की व्यवस्था की गई है। इन प्रशिक्षणार्थियों में से 22 को जॉब आफर लेटर भी मुख्यमंत्री के हाथों से दिलाया जाएगा। आईटीआई पास 8 युवाओं को भी आफर लेटर देने का कार्यक्रम है। कौशल विकास मिशन के तहत कुल 11 कंपनियों से ट्रेनिंग और प्लेसमेंट के लिए प्रदेश सरकार समझौता करेगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दयालबाग एजूकेशनल इंस्टीट्यूट, सेंट्रल फुटवियर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, एफडीडीआई, पीपीडीसी और सेंट्रल ग्लास ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट से एमओयू साइन करेंगे। ट्रेनिंग प्रोवाइडर, प्लेसमेंट कंपनियों के साथ एसेसमेंट बॉडी से भी एमओयू साइन होंगे।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ताज नेचर वॉक से ही बिजली बचाओ का संदेश भी देंगे। वह हर डिस्काम द्वारा चलाई जा रही एलईडी वितरण योजना का 3 युवाओं को बल्ब देकर सांकेतिक रूप से शुभारंभ करेेंगे।