बटेश्वर। उत्तर भारत के प्रमुख तीर्थ बटेश्वर धाम में बुधवार को गणेश मूर्ति विसर्जन का आस्था और उत्साह से सराबोर रहा। मूर्ति विसर्जन करने पहुंचे सोशल मीडिया पर लोकप्रिय तीन फीट लंबे विनोद (छोटे सरकार) श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
पिनाहट के नगला दलेल निवासी 30 वर्षीय विनोद भदौरिया भी बुधवार को गणेश मूर्ति विसर्जन करने बटेश्वर धाम पहुंचे। मंदिर परिसर में उन्हें देखते ही श्रद्धालुओं की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों में उनके साथ सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने की होड़ सी मच गई। विनोद ने मुस्कुराते हुए लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
टीवी सीरियलों में भी बिखेर चुके हैं जलवा
भीड़ के बीच जब लोगों ने उनकी कलाकारी और प्रतिभा के बारे में जानना चाहा, तो विनोद ने बताया कि वह केवल सोशल मीडिया के ही स्टार नहीं हैं, बल्कि टीवी सीरियलों में भी अभिनय कर चुके हैं। अपनी लंबाई को कमजोरी बनाने के बजाय उन्होंने इसे अपनी विशिष्टता बनाया और अपनी मेहनत व कला के दम पर आज वह सोशल मीडिया के साथ अभिनय की दुनिया में भी अपनी एक अलग पहचान बना चुके हैं।