आवास दिलाने के नाम पर महिला से जेवर ठगे
-तहरीर मिलने के बाद पुलिस कर रही है जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
कुसमरा। कस्बा के वार्ड नंबर तीन निवासी महिला को प्रधानमंत्री आवास दिलाने का झांसा देकर ठगी की गई। ठग उससे चांदी के जेेवर ले गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अनिल कुमार दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर पत्नी सीमा घर पर थी तभी दो युवक आए और कहा उनका नाम प्रधानमंत्री आवास की सूची में है। एक ने अपना नाम अतुल बताया और कहा कि वह लोग जांच करने के लिए आए हैं। पांच हजार रुपये दो तुम्हारी पहली किस्त जल्द ही डाल दी जाएगी। सीमा ने कहा कि उसके पास रुपये नहीं हैं। युवकों ने पति का नंबर लिया और किसी और का नंबर मिलाकर बात की। कहा कि पति ने कहा है कि वह जेवर गिरवी रख दें। ठगों की बातों में आई महिला ने चांदी की पायल, एक करधनी व खडुआ दे दिए। जेवर लेकर युवक चले गए। ससुर के घर आने पर सीमा ने उन्हें जानकारी दी। नगर पंचायत कार्यालय व सभासद से जानकारी की तो पता चला कि कोई सर्वेयर नहीं आए। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़िता ने तहरीर दी है।