किशनी। गांव शमशेरगंज निवासी एक युवक से आवास दिलाने के नाम पर ठगी की गई। फोन करने वाले ने लालच देकर अपने खाते में 2600 रुपये डलवा लिए। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव शमशेरगंज निवासी राम शिवाय ने बुधवार को थाने पहुंच कर तहरीर दी। बताया कि आज उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाले शख्स ने कहा कि उसकी पत्नी के नाम पर आवास आया है। आवास दिलाने की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए जरूरी कागजात आदि तैयार करने की बात कही। फोन करने वाले ने कहा कि 2600 रुपये उसे बताए गए खाते में डालने होंगे। भुगतान के बारे में किसी को न बताए। अन्यथा आवास के लिए आने वाले रुपये सरकार के खाते में चले जाएंगे। बातों में आकर राम शिवाय ने बताए गए खाते में 2600 रुपये डाल दिए। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंच कर शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।