भोगांव। शनिवार की दोपहर दो ठग जैन मार्केट छोटा बाजार के एक सराफा व्यापारी के यहां चांदी की नकली चेन गिरवी रख गए। दुकानदार से 2500 रुपये भी ठग ले गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला जैन मार्केट छोटा बाजार निवासी अमित कुमार वर्मा बाजार में सराफा की दुकान किए हुए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब दो बजे वह दुकान पर बैठे थे तभी एक बाइक सवार दो युवक आए। एक युवक ने करीब 200 ग्राम की सफेद चेन देते हुए कहा कि उसकी पत्नी की तबियत खराब है। उसे रुपये की जरूरत है, 10 हजार रुपये चेन गिरवीं रख कर दे दो। अमित ने नकली चेन को चांदी की चेन समझ कर गिरवीं रख लिया और ठग को 2500 रुपये दे दिए। बाकी के रुपये शाम को ले जाने की बात कही। इसके बाद दोनों ठग वहां से चले गए। सराफ ने जब चेन की जांच कराई तो वह नकली निकली।