भोगांव। कौन बनेगा करोड़पति में 25 लाख रुपये की लॉटरी लगने का लालच देकर ठगों ने एक युवती से आठ हजार रुपये ठग लिए। गांव जलालपुर की रहने वाली युवती के साथ हुई ठगी के मामले में थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी रवि कुमार ने बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे उसकी बहन शिवानी के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि कौन बनेगा करोड़पति में उसकी 25 लाख रुपये की लॉटरी निकली है। बातचीत कर युवती को बताया कि वह इस राशि को पाने के लिए आठ हजार रुपये बताए गए खाता नंबर पर डाल दे। लालच में आकर शिवानी ने बताए गए खाता नंबर पर आठ हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद ठगों ने दोबारा फोन किया और 25 हजार रुपये की मांग करने लगे। जब इन नंबरों से संपर्क करना चाहा तो सभी स्विच ऑफ हो गए। ठगी के मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद