मैनपुरी। शहर के आवास विकास कॉलोनी स्थित एक घर के बाहर फल की दुकान में बुधवार की रात अराजक तत्वों ने आग लगा दी। आग में दो हथठेल सहित हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वारदात करने वाले वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। बृहस्पतिवार को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मिश्राना गुलाब बाग निवासी सोनू कठेरिया शहर के आवास विकास कालोनी स्थित एक घर में फल की दुकान करता है। दो दिन पहले ही वह नवरात्र को लेकर काफी फल बिक्री के लिए लेकर आया था। बुधवार को देररात कुछ युवक आए और बंद दुकान में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि पड़ोस के घर तक फैल गई। सोनू ने बताया कि वह आग लगाने वाले चार लोगों को जानता है, आसपास के ही रहने वाले हैं। आग क्यों लगाई गई, इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। सीसीटीवी में छह युवक दुकान के पास सिगरेट पीते व आग जलाते दिखाई दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि करीब 80 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इंस्पेक्टर कोतवाली अरविंद कुमार ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।