खेडा राठौर के चंबल के बीहड़ में लगी आग और उठता धुआं, बुझाते वन एवं अग्निशमन कर्मी
बाह। एक तो सूरज के तेवर तल्ख हैं, दूसरे शनिवार की दोपहर 12 बजे खेडा राठौर का चंबल का बीहड़ सुलग उठा। बीहड़ से धुआं और आग की लपटें उठने पर वन विभाग का अमला अग्निशमन टीम के साथ मौके पर पहुंचा। करीब 3 घंटे की कसरत के बाद आग बुझाने में कामयाबी मिली।
अज्ञात कारणों से धधके खेडा राठौर के चंबल के बीहड़ में आग और धुआं देखकर चरवाहे अपनी मवेशी के साथ भाग खड़े हुए। वहीं वन्यजीवों में भगदड़ और अफरा तफरी मच गई। सूचना पर वन दरोगा राहुल जादौन विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुला लिया। पहुंच मार्ग तक दमकल के सहारे आग पर काबू पाया। दुर्गम बीहड़ में डंडे और धूल के सहारे आग बुझाने में दोनों विभागों की टीमें जूझीं। करीब 3 घंटे में आग बुझी, तब ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। आग से बीहड़ क्षेत्र की झाड़ी और घास फूस जला है। 1 किमी के दायरे में जगह जगह पर आग और धुआं के हालात पैदा हो गए थे। बाह के रेंजर कुलदीप सहाय पंकज ने बताया कि झाड़ी और घास फूस जले हैं, कोई वन्यजीव हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच होगी।