आगरा के थाना सदर के आगरा कैंट क्षेत्र में सैनिक की पत्नी के साथ चेन लूट की वारदात हुई। सैनिक स्कूटर से पत्नी और दो बच्चों के साथ घर जा रहे थे। बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर गले से चेन लूट ली। झटका लगने से स्कूटर सवार परिवार बाल-बाल बचा। इसके बाद सैनिक ने बदमाशों का एक किमी तक पीछा किया, लेकिन वे भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की है।
आगरा में तैनात सैनिक अनंन्थु एओ कैंट क्षेत्र स्थित कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 3 अप्रैल की शाम करीब 7:00 बजे सदर बाजार से लौट रहे थे। उनके साथ स्कूटर पर पत्नी और बच्चे भी थे। एडीआरडीई के गेट नंबर-1 के पास पीछे से बाइक पर दो बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने पत्नी के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़ ली। हालांकि, झटका लगने से चेन दो हिस्सों में टूट गई और बदमाश के हाथ चेन का करीब 40 फीसदी हिस्सा ही आया। बाकी हिस्सा सैनिक की पत्नी के पास ही रह गया। चेन लूटकर बदमाश आगरा कैंट की तरफ बाइक से भाग निकले।
धक्का लगने से सैनिक के स्कूटर का संतुलन बिगड़ गया, लेकिन उन्होंने किसी तरह संभाला और फिर बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। करीब एक किमी तक पीछा करने के बाद बदमाश आगरा कैंट स्थित गोल चक्कर के पास ओझल हो गए। बदमाश करीब 13 ग्राम की चेन ले गए, जिसकी कीमत 1.97 लाख रुपये है। मामले में पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे देख रही है, जिससे बदमाशों की पहचान की जा सके। वहीं पीड़ित का कहना है कि अगर बदमाश उनके सामने आ जाएं तो वह पहचान सकते हैं।