अजीतगंज। विकास खंड जागीर क्षेत्र के ग्राम अजीतगंज में बह रहे नगरिया रजबहा में सोमवार रात खंदी होने से सैकड़ों बीघा फसलें जलमग्न हो गई। सुबह किसानों को जानकारी हुई तो खंदी बंद करने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई है।
नगरिया रजबहा में पानी क्षमता से अधिक बहता है जिससे सोमवार रात में अजीतगंज क्षेत्र में बीरमपुर पुलिया के समीप खंदी लग गई। खंदी लगने से सैकड़ों बीघा में खड़ी किसानों की उर्द, मूंग, मक्का, घुइया की फसलें जलमग्न हो गई। मंगलवार सुबह किसानों को जानकारी हुई तो खंदी बंद करने के प्रयास किए गए। लेकिन सफलता नहीं मिली। किसानों ने सिंचाई विभाग के एसडीओ एसएस किरानी को सूचना दी। एसएस किरानी ने बताया कि खंदी लगने की सुचना मिली है बहुत जल्द खंदी को बंद कराया जा रहा है। क्षेत्र के नरेंद्र मिश्रा, श्रवण कुमार, भानू मिश्रा, राधा बल्लभ मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, सुभाष चंद, राजेश कुमार, हरिओम, मोहनलाल आदि किसानों की फसलों में नुकसान हुआ है।
भाकियू ने एसडीएम को सौंपा मांग पत्र
करहल। भारतीय किसान यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को तहसील में उपजिलाधिकारी को किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भाकियू कार्यकर्ताओं व राशन डीलरों की संयुक्त बैठक कराने, राशन कार्ड बनाने को गांवों में कैंप लगाने, पूर्ति अनुभाग के कर्मियों की सूची मुहैया कराने, दफ्तर में दलालों का प्रवेश बंद हो, आवारा जानवर गौशालाओं में रखे जाने, गांवों में गाय, भैंस, पंप सेट चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराये जाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष रूपेन्द्र शाक्य, तहसील अध्यक्ष भुवनेश राजपूत, जीवन यादव, गणेश राजपूत, उदयवीर सिंह, राहुल यादव व राजेन्द्र कुमार, अनुज यादव शामिल रहे।