रैली निकालकर मनाया अग्निशमन सेवा स्म़ृति दिवस
- शहर और कस्बों में निकाली गई जागरुकता रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। अग्निशमन विभाग की ओर से रविवार को अग्नि सुरक्षा सप्ताह शुरू कर दिया गया। पहले दिन अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान 14 अप्रैल 1944 के मुंबई बंदरगार पर घटित भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले 66 कर्मियों को याद किया गया। रविवार को जिले के सभी अग्निशमन केंद्रों पर श्रद्धांजलि दी गई।
जिले के अग्निशमन केंद्रों पर सुबह 8 बजे स्मृति दिवस परेड, पिन फ्लैग लगाए गए। दोपहर के समय शहर स्थित अग्निशमन केंद्र से अग्निशमन रैली निकाली गई। रैली शहर के ईशन नदी पुल, बस स्टैंड, तांगा स्टैंड, बड़ा चौराहा, सिंधिया तिराहा, करहल चौराहा, रेलवे स्टेशसन, भांवत चौराहा से निकली रैली में शामिल अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने लोगों को आग की घटनाओं से बचने के लिए जागरूक किया। अग्निशमन केंद्र करहल से प्रभारी शिव कुमार की देखरेख में करहल में, अग्निशमन केंद्र किशनी में प्रभारी उमेश सिंह की देखरेख में रैली निकाली गई। कस्बा किशनी और कुसमरा में, अग्निशमन केंद्र भोगांव के प्रभारी श्याम मोहन की देखरेख रैली निकली। बेवर और भोगांव में जागरुकता रैलियां निकाली गईं। शहर में निकाली गई रैली के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी यदुनाथ सिंह, अग्निशमन अधिकारी द्वितीय अनुज कुमार मौजूद रहे।