मैनपुरी। परिषदीय स्कूलों में भी कान्वेंट स्कूल की तर्ज पर प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। एक अप्रैल से शुरू होने वाले नवीन सत्र में बच्चों को मंगल तिलक के साथ प्रवेश दिया जाएगा। विभाग की ओर से समय सारणी भी जारी कर दी गई है।
एक अप्रैल से शिक्षा सत्र 2025-26 शुरू होने जा रहा है। परिषदीय स्कूल के बच्चों में किसी प्रकार की निराशा न दिखे इस लिए नव प्रवेश वाले बच्चों को स्कूल में प्रवेश देते समय उत्सव मनाने के निर्देश बीएसए दीपिका गुप्ता ने दिए हैं। अधिकतर स्कूलों में पहले ही दिन पाठ्य पुस्तकें भेजे जाने की तैयारी भी है। इसके लिए खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। बीएसए ने जिले के सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक अप्रैल को ही निशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कई स्कूलों में शनिवार को ही पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करा दी गईं जबकि कुछ में आज सोमवार को उपलब्ध कराई जाएंगी।
7:30 बजे से 1:30 बजे तक होगा कॉलेजों का संचालन
जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से नवीन सत्र को लेकर समय सारणी भी जारी कर दी गई। ग्रीष्मकाल में एक अप्रैल से 30 सितंबर तक कॉलेजों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। जबकि शीतकाल में एक अक्तूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक कॉलेजों में 9:30 बजे से 3:30 बजे तक कक्षा संचालन किया जाएगा।