यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से कराने की तैयारी की जा रही है। पहली बार सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा होगी।
कई केंद्रों पर एसटीएफ नजर रखेगी। मंडल में 4,54,028 विद्यार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे। कुल 309 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्र बनाए गए हैं।
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) अरविंद कुमार पांडेय का कहना है कि परीक्षा केंद्रों से रोजाना जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग की सीडी उपलब्ध कराई जाएगी।
सीडी को पहले जिलास्तरीय टीम और बाद में मंडल की टीम देखेगी। यदि सीडी में किसी केंद्र पर गड़बड़ी नजर आई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीडी देखने के लिए सेंटर बनाया जाएगा। इसमें करीब 10 कंप्यूटर लगवाए जाएंगे और उसे देखने के लिए अलग टीम बनवाई जाएगी।
30 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बोर्ड परीक्षा की तैयारियां की समीक्षा करेंगे। इस संबंध में बुधवार को मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने मंडलीय और जिले स्तर के अधिकारियों की बैठक बुलाई।
निर्धारित बिंदुओं पर समीक्षा की। जिला विद्यालय निरीक्षकों ने अपने-अपने जिलों की स्थिति बताई। मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने बैठक में कहा कि किसी भी कीमत पर नकल न होने दें। यदि कहीं गड़बड़ी पाई जाए तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बोर्ड परीक्षा के बाद पढ़ाई के दौरान भी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहें और काम करते रहें।
ये भी जानें
जिला संवेदनशील अतिसंवेदनशील परीक्षार्थियों की संख्या
आगरा 104 37 1,46,406
फिरोजाबाद 15 11 1,00,614
मथुरा 74 14 1,13,654
मैनपुरी 23 31 93354