आलीपुर खेड़ास। कस्बा स्थित सुनार गली में रात में गश्त करने निकले होमगार्ड ने दुकान के बाहर लगा बल्ब चोरी कर लिया। 12 सितंबर को हुई यह घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मंगलवार को वीडियो वायरल होने के बाद चौकी इंचार्ज ने मौके का मुआयना किया। स्थानीय दुकानदारों से भी जानकारी जुटाई।
मंगलवार को आलीपुर खेड़ा कस्बा की सुनार गली का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें कंधे पर थ्री नॉट थ्री रखकर ड्यूटी कर रहा एक होमगार्ड नजर आ रहा है। वह एक दुकान के बाहर आकर रुकता है। इधर-उधर देखने के साथ ही वह दुकान के दरवाजे को पकड़ कर ऊपर चढ़ता है। वहां लगा बल्ब उतारने के बाद राइफल लेकर निकल जाता है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जिनको सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जब वही चोरी करेंगे तो सुरक्षा के लिए व्यापारी किसके पास जाएंगे। सभी ने एसपी से चोरी करने वाले होमगार्ड के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
होमगार्ड ने किया था प्याज और नकदी चोरी
होमगार्ड द्वारा चोरी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व 23 दिसंबर 2019 की रात कुसमरा क्षेत्र में रात में ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड ने एक सब्जी की दुकान के ताले तोड़ दिए थे। उस समय महंगे चल रहे प्याज के साथ ही रुपये भी चोरी किए थे। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी के आदेश पर दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
होमगार्ड के बल्ब चोरी के मामले में वायरल हुए वीडियो पर जांच की जाएगी। होमगार्ड के संबंध में कार्रवाई के लिए कमांडेंट को पत्र भेजा जाएगा। अजय कुमार पांडेय, एसपी