गंजडुंडवारा। गंगा की तलहटी क्षेत्र के चार गांवों के लोगों को जल्द ही जर्जर सड़कों से राहत मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग इन गांवों के आबादी वाले हिस्सों में सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराएगा।
गांव बरी बगवास के बाजार में जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण अक्सर जलभराव हो जाता है। लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। यहां सप्ताह में दो बड़े देहात के बाजार भी लगते हैं, जिससे खरीदारी करने आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कादरगंज बस स्टैंड से मुख्य बाजार तक सड़क उखड़ चुकी है। इससे कादरगंज बाजार का मुख्य मार्ग जर्जर हालत में है। गंगाघाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी कादरगंज घाट तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसके अलावा गांव प्रीतमनगर हडोरा और राजेपुर कुर्रा जाने वाली सड़क भी काफी खराब स्थिति में है। किसान नेता वीरेश यादव और पूर्व प्रधान सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से लगातार मांग की जा रही थी। अब गांवों के आबादी वाले हिस्सों में सीसी सड़क निर्माण की मंजूरी मिल गई है। अवर अभियंता मोहम्मद परवेज ने बताया कि चार गांवों में सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।