डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के संस्थानों और संबद्ध कॉलेजों के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए जारी होने वाली मेरिट लिस्ट में इस बार सीबीएसई के विद्यार्थी सबसे ऊपर नजर आएंगे। 12वीं की परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति ने निर्णय लिया है कि सत्र 2020-2021 में प्रवेश के लिए आवासीय परिसर के संस्थानों के साथ संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश परीक्षा नहीं कराई जाएगी। मेरिट के आधार पर ही छात्र-छात्राओं के प्रवेश लिए जाएंगे। यूपी बोर्ड, सीआईएससीई और सीबीएसई तीनों बोर्ड के 12वीं के परिणाम जारी हो चुके हैं। दोनों बोर्ड की अपेक्षा सीबीएसई में विद्यार्थियों के प्राप्तांक अधिक हैं।
गत सत्रों में विश्वविद्यालय प्रशासन आवासीय संस्थानों में संचालित सभी पाठ्यक्रमों के साथ कॉलेजों के कुछ पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा कराता था। वहीं, सेंट जोंस सहित कुछ कॉलेज भी विद्यार्थियों के प्रवेश लिए परीक्षा भी कराते थे। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि प्रवेश परीक्षा न होने पर अधिक मेरिट वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलना तय है।
तमाम विद्यार्थियों के हिस्से 90 फीसदी से अधिक अंक आए
दिल्ली पब्लिक स्कूल के 85, गायत्री पब्लिक स्कूल के 79, होली पब्लिक स्कूल के 25, सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल के 60, सुमित राहुल गोयल मेमोरियल स्कूल में 45, एसएस कान्वेंट स्कूल, कमला नगर के 32, ऑल सेंट्स स्कूल के 25, सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर के 19, प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के 18, जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल के 10 विद्यार्थियों ने इस वर्ष 12 वीं की परीक्षा में 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।