फिरोजाबाद। शासन द्वारा सीबीएसई की प्रयोगात्मक परीक्षाएं एक मार्च से आयोजित कराने के निर्देेश थे। लेकिन रोल नंबर सूची न आने के कारण प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में परीक्षार्थी तनाव से जूझ रहे हैं। स्कूल संचालकों के मानें तो आगामी सप्ताह में प्रयोगात्मक परीक्षाएं होने की संभावनाएं हैं।
शासन द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन को देखते हुए 25-25 छात्रों के बैच बनाकर प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के निर्देश सीबीएसई ने दिए थे। एक मार्च से प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन होना था। जनपद के स्कूल संचालक और छात्र परीक्षाओं की पूरी तैयारियां कराके बैठे थे। लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी जनपद में प्रयोगात्मक परीक्षाएं रोल नंबर सूची नहीं आने के कारण बाधित हैं। जनपद में 48 केंद्र से मान्यता प्राप्त स्कूल हैं, इन स्कूलों में अध्ययनरत तीन हजार के करीब छात्र परीक्षाओं में शामिल होंगे।
शासन द्वारा एक मार्च से प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के आदेश थे। लेकिन बोर्ड ने अभी तक रोल नंबर की सूची नहीं भेजी है। न हीं अब तक परीक्षकों की सूची आयी है। आगामी सप्ताह में प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू होने की संभावना है। विद्यार्थी परीक्षाओं के लिए पूर्ण तैयारी रखें। -दिनेश शर्मा, नगर समन्वयक सीबीएसई बोर्ड।
इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या होगी दोगुनी
कोविड नियमों को ध्यान में रखते हुए एक कक्ष में कम ही परीक्षार्थी बैठाए जाएंगे। इस कारण परीक्षा केंद्रों की संख्या दोगुनी हो जाएगी। जनपद में अभी तक दस परीक्षा केंद्र बनते थे। इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या 20 हो सकती है। आगामी सप्ताह में परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी।