मथुरा में थाना हाईवे क्षेत्र के गोवर्धन गार्डन में दरोगा की बेटी के विवाह समारोह में से 10.50 लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। यह बैग दूल्हे की बहन के पास रखा हुआ था। बैग चोरी से शादी समारोह में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बैग ले जाते हुए दो युवक कैमरे में नजर आए हैं।
फतेहपुर सीकरी आगरा के गांव सिकरौरा निवासी दरोगा बदन सिंह पुत्र नरपत सिंह कासगंज के थाना सोरों में तैनात हैं। उनकी बेटी अनीता का विवाह 21 नवंबर को मथुरा के गोवर्धन चौराहे पर गोवर्धन गार्डन में था। वृंदावन कोतवाली के नगला मौरा से बारात आई। बाराती और घराती विवाह समारोह में मशगूल थे।
दूल्हे की बहन गीता के पास 10.50 लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया तो हड़कंप मचा। बारातियों और घरातियों ने मिलकर चोरों की तलाश की, पर कोई सुराग नहीं लगा। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें दो युवक बैग ले जाते हुए दिखाई दिए। दरोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार ने बताया सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही युवक पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
चोर गैंग के निशाने पर शादी समारोह
सहालग शुरू होते ही चोर गैंग के निशाने पर शादी समारोह आ गए हैं। बड़े आराम से यह गैंग जेवरात और नकदी भरे बैग को चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। देवोत्थान एकादशी पर भी कृष्णानगर में आगरा के राजेश मिश्रा की बेटी के विवाह समारोह से पांच लाख रुपये के जेवरात और नकदी से भरा बैग चोरी हो गया था।