उत्तर प्रदेश के आगरा में दिवाली पर एक परिवार लक्ष्मी पूजन कर सोने चला गया। अगले दिन सुबह जब आंख खुली तो दृश्य देखकर होश उड़ गए। लक्ष्मी पूजन के रखी नकदी और आभूषण राख बन गए थे।
आगरा के जगनेर में रूपवास रोड पर दीपावली पूजन की रात एक घर में आग लगने की घटना हो गई। सुमित पुत्र बालो के मकान में यह हादसा हुआ। परिवार ने दीपावली पूजा के लिए करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने के गहने पूजाघर में रखे थे।
विज्ञापन
पूजा के बाद परिवार दीपक जलता छोड़कर सो गया था। मंगलवार सुबह सुबह जब परिजन उठे, तो उन्होंने पूजा वाले कमरे में आग लगी देखी। कमरे का सारा सामान जलकर राख हो गया।
पूजा में रखी नकदी भी पूरी तरह से जल गई। परिजनों ने तुरंत आग पर काबू पाया। इससे आग घर के अन्य हिस्सों में लपटें फैलने से रुक गईं। मकान मालिक सुमित ने बताया कि दीपावली की रात पूजा के बाद दीपक बुझाना भूल जाने के कारण यह घटना हुई।